हिंदी सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री कंगना रनौत द्वारा होस्ट किया जा रहा लॉकअप इन दिनों सुर्खियों में बना हुआ है। शो में हो रहे आए दिन खुलासे दर्शकों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करने में कामयाब हो रहे हैं।
इस बीच शो के कंटेस्टेंट करणवीर बोहरा को बड़ा झटका लगा है। हाल ही में लॉकअप की होस्ट कंगना रनौत ने ये ऐलान किया था कि एक्टर को जेल से नॉकआउट किया जा रहा है। इसके बाद सभी शॉक्ड हो गए थे। उनके दोस्त मुनव्वर और पूनम फूट-फूटकर रोने लगे थे।

शो से बाहर आकर खुश हैं करणवीर
बता दें, लॉकअप से बाहर आकर करणवीर काफी खुश हैं। इस बात का खुलासा एक्टर ने लाइव चैट के जरिये फैंस के साथ किया है। बीते दिन एक्टर ने अपने इंस्टा अकाउंट से एक लाइव सेशन ऑर्गनाइज़ किया था। इस दौरान उन्होंने फैंस के सभी सवालों का खुलकर जवाब दिया। उन्होंने बताया कि वे शो से ऐसे समय में बाहर आए हैं जब वहां महिलाओं के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया जा रहा था।
एक्टर ने बताया कि यह शो आपके लिए तब बेस्ट साबित हो सकता है जब आपके पास खोने के लिए कुछ न हो लेकिन उनके पीछे उनकी पूरी लाइफ, फैमिली और बच्चे हैं। ऐसे में वे इतना बड़ा रिस्क नहीं ले सकते।

क्या आपका कर्ज उतर जाएगा..?
इस दौरान एक्टर से लोगों ने उनके कर्ज के विषय में सवाल किया। फैंस ने पूछा कि क्या आपका कर्ज अब उतर जाएगा? इसपर करणवीर ने जवाब दिया कि जी हां, मैंने जो पैसे इस शो से कमाए हैं उनसे मेरा सारा कर्ज़ आसानी से उतर जाएगा।

दूसरी बार लॉकअप से इविक्ट हुए एक्टर
मालूम हो, ऐसा दूसरी बार हुआ है जब करणवीर को शो से बाहर निकाला गया है। इससे पहले भी एक बार एक्टर को बाहर कर दिया गया था। हालांकि, दर्शकों की डिमांड पर उन्हें दोबारा शो में मौका दिया गया था लेकिन पिछली बार की तरह इस बार भी एक्टर कुछ खास नहीं कर पाए। यही वजह रही कि उन्हें शो से एक बार फिर निकाल दिया गया।