भारतीय फिल्म इंडस्ट्री ने हमेशा से अपने दर्शकों को कुछ हटके और अच्छा देने की कोशिश की है। इसके लिए कलाकारों ने दिलो-जान से मेहनत की है। यही वजह है कि पूरी दुनिया में हिंदी फिल्मों के मुकाबले अन्य किसी भाषा के लिए उतनी दीवानगी नहीं देखने को मिलती है। लेकिन कई बार हमारे सामने ऐसे मामले भी आए हैं जहां बॉलीवुड के लेखकों और गायकों पर अन्य किसी व्यक्ति (खासकर पाकिस्तान से संबंधित) का काम चुराने का आरोप लगा हो।
पाकिस्तानी सिंगर ने लगाया कनिका पर गाने की चोरी का आरोप
ऐसा ही कुछ एक बार फिर हुआ है। बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर और उनकी टीम पर गाना चोरी करने का आरोप लगाया गया है। बता दें, यह आरोप किसी और नहीं बल्कि पाकिस्तान की मशहूर सिंगर हदीका कियानी ने लगाया है। उन्होंने बीते दिन हिंदी सिनेमा की दिग्गज गायिका कनिका कपूर की इस करतूत का पर्दाफाश करते हुए उन्हें जमकर लताड़ा।
हदीका ने कनिका पर आरोप लगाते हुए उनके गाने को कॉपीड वर्जन करार दिया। सिंगर ने सोशल मीडिया के जरिये फैंस को बताया कि कनिका ने बिना उनकी इजाज़त के उनकी मां के द्वारा लिखा गया यह गीत चुरा लिया। इसके लिए उन्हें किसी तरह का कोई पेमेंट भी नहीं किया गया।
‘बूहे बारियां’ पर छिड़ा विवाद
मालूम हो, यहां जिस गाने की बात हो रही है उसका नाम ‘बूहे बारियां’ हैं। दरअसल, कनिका का यह गाना हाल ही में रिलीज़ किया गया है। गाने की वीडियो में कनिका ने ऑरेंज कलर की ड्रेस पहनी हुई है साथ ही में वे अपनी दमदार आवाज़ में गाती दिख रही हैं।
फैंस को उनका यह गीत काफी पसंद आ रहा है। लेकिन कुछ यूजर्स कनिका पर गाने की चोरी का इल्ज़ाम लगा रहे हैं। यूजर्स ने कनिका पर पाकिस्तानी सिंगर हदीका कियानी के पुराने वर्जन को चोरी करने का आरोप लगाया है।
सलीम मर्चेंट पर भी लग चुका है आरोप
गौरतलब है, ऐसा पहली बार नहीं हुआ है बॉलीवुड के किसी गायक पर पाकिस्तानी सिंगर्स ने उनके काम की चोरी का आरोप लगाया हो। इससे पहले मशहूर सिंगर सलीम मर्चेंट भी गाने की चोरी का आरोप लग चुका है। दरअसल, 11 सितंबर 2019 को सलीम मर्चेंट का गीत ‘हारेया’ रिलीज़ हुआ था।
फैंस को उनका यह गीत काफी पसंद आया था लेकिन पाकिस्तानी सिंगर और एक्टर फ़रहान सईद ने भारतीय सिंगर पर उनके गीत ‘रोइयां’ को चोरी करने का आरोप लगाया था। बता दें, रोइयां 7 जून 2014 को रिलीज़ हुआ था। इसको लेकर दोनों सिंगर्स के बीच ट्विटर पर बहस भी छिड़ गई थी।