विपरीत परिस्थितियों से लड़कर अपना मुकाम बनाने वाले लोगों की कहानी पूरी दुनिया सुनना चाहती है और कोई उन्हें फॉलो करता है. अपनी मेहनत और लगन से समाज में अपना स्थान बनाने वाले लोगों को बाकी लोग अपना आइडियल मानते हैं. ऐसे ही एक कहानी हम आपके बीच लेकर आए हैं.
ये कहानी है एक लड़की की जिसके पिता अख़बार बेचने का काम करते थे लेकिन विपरीत परिस्थितियों से लड़कर वो लड़की सरकारी अफसर बनी और समाज में अपने घरवालों का नाम रोशन किया।
खुद पढ़ाया ट्यूशन-
हम बात कर रहे हैं हरियाणा के जैसिंहपुरा गांव की रहने वाली शिवजीत भारती की जिसने हरियाणा सिविल सेवा परीक्षा पास की है. शिवजीत के पिता अख़बार बेचने का काम करते हैं और घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है.
शिवजीत की मेहनत और लगन का नतीजा ये रहा कि पहले ही प्रयास में 26 साल की उम्र में शिवजीत में हरियाणा सिविल सर्विस की परीक्षा पास कर ली. परिवार की माली हालत ठीक नहीं होने की वजह से शिवजीत खुद बच्चों को ट्यूशन पढ़ाया करती थीं.
यूपीएससी क्लियर करना है-
हरियाणा सिविल सर्विस में सलेक्ट होने के बाद भी अभी शिवजीत के मन के ख्वाब पूरे नहीं हुए हैं. शिवजीत ने अपने मन में आईएएस अधिकारी बनने का सपना संजोकर रखा है और इसके लिए वो मेहनत भी कर रही हैं. साल 2015 में पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ से मैथ्स ओनर्स में ग्रेजुएशन करने वालों शिवजीत का मन इस परीक्षा को पास करने के बाद और अधिक मजबूत हुआ है और वो आईएएस बनने का सपना जल्द ही पूरा करेंगी।

शिवजीत की बहन भी पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन पीजी कर रही है और उनका भाई स्पेशल चाइल्ड है. घर में ऐसा माहौल होने के बाद भी शिवजीत के मन में कभी हताशा नहीं आई और उन्होंने जी तोड़ मेहनत करते हुए अपने सपनों को पंख दिए.
भारती का कहना है की अब वो यूपीएससी भी क्लियर कर सकती हैं. इस परीक्षा के पास करने से उनके मन को और अधिक हिम्मत मिली है और यूपीएससी पास करने का सपना और अधिक मजबूत हुआ है.
माँ आंगनवाड़ी में काम करती हैं-
भारती के पिता सुबह होने से पहले अख़बार बेचने निकल जाते हैं और उनकी माँ आंगनवाड़ी में काम करती हैं. माँ-पिता दोनों ही किसी तरह से घर का खर्च चला रहे होते हैं और भारती साथ में ट्यूशन पढ़ाकर अपनी पढ़ाई का खर्च निकालती हैं.
भारती को किताबों से बहुत प्यार है और इसी प्यार ने उन्हें आज इस मुकाम पर पहुँचाया है. भारती के अनुसार सफलता के लिए कड़ी मेहनत के अलावा कोई और दूसरा विकल्प नहीं होता है. अगर आपको सफल होना है तो कड़ी मेहनत करनी ही पड़ेगी।