ड्रामा क्वीन के नाम से मशहूर एकता कपूर ने कई सारे आम लोगों को टीवी का सेलिब्रिटी बनाया है. एकता टीवी इंडस्ट्री की क्वीन कही जाती हैं और सफलता का एक जीता जागता उदाहरण हैं. 7 जून 1975 को मुंबई में पैदा हुई एकता कपूर आज अपना 47वां जन्मदिन मना रही हैं. सलमान खान की शादी को लेकर जितने चर्चे होते हैं उतने ही चर्चे एकता कपूर की शादी को लेकर भी होते हैं. लेकिन पिता की एक बात ऐसी चुभी की एकता ने आज तक शादी नहीं की.
करियर या घर-
महज 17 वर्ष की उम्र में अपना करियर शुरू करने वालीं एकता कपूर आज बालाजी टेलीफिल्म्स की ज्वाइंट मैनेजिंग डायरेक्टर हैं. एक इंटरव्यू के दौरान अपनी बात रखते हुए एकता ने कहा कि-‘जब मैं 17 साल की थी तो मेरे पिता जितेंद्र ने मुझसे कहा की या शादी करके घर बसा लो या फिर काम करके अपना करियर बना लो. पॉकेट मनी के अलावा तुम्हें पैसे नहीं मिलेंगे। पैसा चाहिए तो खुद काम करो और कमाओ।
इसके बाद मैनें काम करना शुरू किया और उस वक्त मेरी लाइफ अच्छी चल रही थी. मैनें सोचा था की जब मैं 22 की हो जाउंगी तो शादी के बारे में सोचूंगी लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. उसके बाद कभी समय नहीं मिला’

17 की उम्र में शुरू किया काम-
अभिनेता जितेंद्र की बेटी एकता कपूर ने महज 17 वर्ष की उम्र में एक एड एजेंसी में काम करना शुरू कर दिया था. इसके बाद 19 वर्ष की उम्र में हम पांच नामक सीरियल प्रोडूस किया। इसकी सफलता के बाद प्रोडक्शन के क्षेत्र में एकता ने कदम बढ़ा दिया। इसके बाद आज तक एकता ने 135 से अधिक सीरियल प्रोड्यूस किए हैं.

घर-घर में देखे गए शो-
एकता कपूर ने टीवी की दुनिया में एक तहलका मचा दिया। एकता ने टीवी के सामने बैठकर लोगों को सीरियल देखना सिखाया और ये बात कई सारे बड़े दिग्गज भी मानते हैं. कहानी घर-घर की, कुमकुम भाग्य, बड़े अच्छे लगते हैं, कसौटी जिंदगी की जैसे कई सारे बड़े हिट सीरियल एकता टीवी में लेकर आईं. कई सारे लोगों को एकता ने स्टार बनाया इसमें केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी जैसे बड़े नाम शामिल हैं.

शादी को लेकर हमेशा चर्चा-
जिस तरह से बॉलीवुड में आए दिन सलमान खान की शादी को लेकर तरह तरह की चर्चाएं होती रहती हैं उसी तरह से एकता की शादी को लेकर टीवी इंडस्ट्री में खूब चर्चा होती है. एकता कपूर की शादी कब होगी यह कई सारे शोज में उनसे पूछा गया लेकिन कोई उनसे जवाब लेने की हिम्मत नहीं कर सकता। एकता अपने कड़े स्वाभाव के लिए जानी जाती हैं. इसके अलावा वह बहुत ही अधिक टोटकों में भरोसा करने वाली महिला हैं.