इत्र के लिए मशहूर कन्नौज इन दिनों छापेमारी के लिए पहचाना जा रहा है। बीते दिनों शहर के छिपट्टी मोहल्ले के निवासी पीयूष जैन के घर आयकर विभाग और डीजीजीआई के टीम ने छापेमारी की थी। इस दौरान 300 करोंड़ रुपये 250 किलो चांदी, 23 किलो सोने की ईंटें, 600 किलो चंदन का तेल, 400 करोंड़ रुपये से ज्यादा की प्रॉपर्टी के दस्तावेज टीम के हाथ लगे। बता दें, इससे पहले कानपुर के आनंदपुरी स्थित बंगले पर भी टीम ने छापेमारी की थी। यहां से पुलिस को 180 करोंड़ रुपये हाथ लगे, जिन्हें गिनने के लिए 12 मशीनों का सहारा लेना पड़ा था।

भाजपा का आदमी है पीयूष जैन- अखिलेश यादव
हालांकि, इस दौरान पीयूष जैन का कनेक्शन समाजवादी पार्टी से बताया जा रहा था। सोशल मीडिया पर तमाम खबरें वायरल हो रही थीं जिनमें पीयूष जैन को लेकर दावा किया जा रहा था कि यह वही शख्स है जिसने हाल ही में समाजवादी इत्र को लॉन्च किया था। इन सभी दावों की खोखली सच्चाई को उजागर करते हुए आखिरकार समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बताया था कि उनकी पार्टी का इत्र कारोबारी पीयूष जैन से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा था कि जिस जैन के यहां आयकर विभाग ने कार्रवाई की है उनका संबंध भारतीय जनता पार्टी से ही है। समाजवादी पार्टी के जैन पुष्पराज जैन उर्फ पम्पी हैं, और वह एमएलसी हैं। आईटी की कार्रवाई उनके घर नहीं हुई। इत्र कारोबारी पीयूष जैन का समाजवादी पार्टी से कोई संबंध नहीं है।

सपा एमएलसी पंपी जैन
बता दें, जिस सपा नेता की यहां चर्चा हो रही है उसका नाम पुष्पराज जैन उर्फ पंपी जैन है। 65 वर्षीय पंपी का नाम कन्नौज के बड़े इत्र कारोबारियों में शुमार है। साल 2016 में वे समाजवादी पार्टी से विधान परिषद के सदस्य यानी एमएलसी बने थे। उनका व्यापार कन्नौज के अलावा देश-विदेश तक फैला है। 9 नवंबर 2021 को सपा नेता पंपी जैन ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत तमाम वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में ‘समाजवादी इत्र’ को लॉन्च किया था।
पीयूष और पंपी में समानता
मालूम हो, पीयूष जैन और पंपी जैन एक ही मोहल्ले के निवासी है। कन्नौज के छिपट्टी मोहल्ले में दोनों का आलीशान मकान बना हुआ है। इन दोनों का इत्र का कारोबार है जो कि विदेशों तक फैला हुआ है। हालांकि, पंपी जैन का समाजवादी पार्टी से संबंध जरुर है लेकिन पीयूष जैन का किसी भी राजनीतिक दल से संबंध नहीं है।

पंपी जैन के घर छापेमारी जारी
गौरतलब है, शुक्रवार सुबह आयकर विभाग और डीजीजीआई ने सपा एमएलसी पंपी जैन के घर पर भी धावा बोल दिया। इस दौरान हसायन स्थित उनकी इत्र की फैक्ट्री पर छापेमारी हुई। जानकारी के मुताबिक, उनके आवास पर भी कई पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। बताया जा रहा है कि आईटी की कार्यवाही अभी जारी है। इसके कन्नौज के एक अन्य इत्र कारोबारी के घर भी छापेमारी हुई है। कन्नौज के मशहूर इत्र विक्रेता मलिक मियां के घर पर भी आईटी की रेड पड़ी है।
सपा की प्रेस कॉन्फ्रेंस
बता दें, यह कार्रवाई उस वक्त हुई है जब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आज कन्नौज दौरे पर पहुंचने वाले थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, तिर्वा स्थित पार्टी कार्यालय पर वे आज पीयूष जैन और पंपी जैन को लेकर लग रहे आरोपों के खिलाफ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दूध का दूध और पानी का पानी करने वाले थे। हालांकि, पूर्व सीएम के कार्यक्रम से पहले ही यह कार्रवाई हो गई। जिसके बाद तमाम सपा नेताओं ने प्रदेश की बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है।
रेड का जवाब जनता देगी- सपा
इस मामले पर समाजवादी पार्टी के ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर कहा गया है कि ‘जब ये बात साबित हो गयी कि पीयूष जैन भाजपाई है और पम्पी जैन सपाई है और भाजपाई पीयूष जैन के घर करोड़ों रुपया कैश मिला है लेकिन सपा MLC पम्पी जैन पाक साफ हैं तो भाजपा ने आज पम्पी जैन के यहां भी छापेमारी करके अपनी बौखलाहट और खिसियाहट को दर्शाया है, जनता जवाब देगी और करारा जवाब देगी।‘