पहले के ज़माने में दूल्हा-दुल्हन का शादी से पहले मिलना-जुलना गलत माना जाता था। धीरे-धीरे समय बदलने लगा है। अब लड़का और लड़की शादी से पहले एक-दूसरे से मिलते भी हैं और समझते भी हैं। इससे उन्हें आगे आने वाली जिंदगी में कठिनाई नहीं होती है। वे एक-दूसरे की पसंद-नपसंद का ख्याल रखते हुए अपने जीवन की शुरुआत करते हैं।
आज के ज़माने में यह एक नॉर्मल प्रक्रिया है। लेकिन एक युवा वैज्ञानिक को यह काफी महंगी पड़ गई। दरअसल, आंध्र प्रदेश के राम नायडू अपनी होने वाली पत्नी से मिलने के लिए गए थे। इस दौरान उनकी भावी पत्नी ने उनपर जानलेवा हमला करके उन्हें जख्मी कर दिया।
होने वाली पत्नी से मिलने गया था युवक
यह अजीबो-गरीब मामला विशाखापट्टनम के चूडावरम से सामने आया है। बताया जा रहा है कि राम नायडू अपनी होने वाली पत्नी से मिलने के लिए पहाड़ी के पास स्थित मंदिर में मिलने के लिए गए थे। हैरानी की बात ये है कि इस सरप्राइज़ डेट का प्लान उनकी होने वाली पत्नी ने ही बनाया था। उन्होंने ने ही युवक को मिलने के लिए बुलाया था।
युवती ने किया धारदार हथियार से वार
इस दौरान युवती ने राम पर तेज़ धारदार चाकू से वार कर दिया जिसमें वह बुरी तरह से जख्मी हो गया। बताया जा रहा है कि युवती ने राम के गले पर धारदार हथियार से कई बार वार किया जिसकी वजह से युवक बुरी तरह से लहूलुहान हो गया।
इस दौरान आस-पास मौजूद लोगों ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया साथ ही पुलिस को इस पूरे मामले की खबर की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवती को गिरफ्तार कर लिया है साथ ही उसके खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
नहीं करना चाहती थी शादी
गौरतलब है, आरोपी युवती ने पुलिस को बताया कि वह राम से शादी नहीं करना चाहती थी। उसने यह बात परिजनों को भी बताई थी लेकिन वे उन्होंने उसकी बात को नज़रअंदाज़ कर दिया और उसकी शादी जबरदस्ती कराने को आतुर हो गए। ऐसे में महिला ने युवक पर सरप्राइज़ डेट के बहाने हमला करने का प्लान बनाया। शादी से एक महीने पहले उसने बाज़ार से तीन चाकू खरीदे जिनसे युवती ने राम नायडू पर वार किए।