अलीगढ़। नारी शक्ति और सुरक्षा को लेकर यूपी पुलिस को ‘मिशन शक्ति’ अभियान चला रहा है। ताकि महिलाओं को ज्यादा से ज्यादा सुरक्षित बनाया जा सके। रेलवे ने सफर के दौरान महिलाओं को सुरक्षा देने के लिए अहम कदम उठाया है। बुधवार को अलीगढ़ रेलवे सुरक्षा बल ने ट्रेनों के अंदर अकेली सफर करने वाली महिलाओं के लिए ‘मेरी सहेली’ अभियान शुरू किया है। रेलवे पुलिस ने मुसीबत में सहायता लेने के लिए 182 टोल फ्री नंबर जारी किया है।
सुरक्षा निर्देशालय (रेलवे सुरक्षा बल) के निर्देश पर बुधवार को अलीगढ़ रेलवे जंक्शन पर ‘मेरी सहेली’ अभियान के जरिये अकेली सफर करने वाली महिला यात्रियों को सुरक्षा प्रदान करने के लिए जागरूक किया गया। आरपीएफ के जवानों ने मेरी सहेली अभियान के बारे में गहनता से बताया। रेलवे पुलिस का कहना है कि हरा स्टेशन पर महिला पुलिस भी उनपर नजर रखेगी। अगर कोई असामाजिक तत्व कोई हरकत करता है तो पुलिस उसे तुंरत पकड़ लेगी। साथ ही 182 पर कॉल कर रेलवे पुलिस से मदद ली जा सकती है।
रेलवे की तरफ से जारी किए गए नंबर को महिला व छात्राओं ने एक अच्छी पहल बताया है। महिलाओं का कहना है कि कई बार ट्रेन में सफर के दौरान असामाजिक तत्व परेशान करते है। अब उन्हें परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। आरपीएफ के एएसपी धीरेंद्र कुमार ने बताया कि मेरी सहेली हेल्पलाइन नंबर महिलाओं के लिए काफी मददगार साबित होगा। महिलाओं को जागरूक करने के लिए पूरे भारत मे रेलवे बोर्ड की तरफ से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।