बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत का शो लॉकअप इन दिनों सुर्खियों में छाया हुआ है। दर्शकों की जुबां पर इस शो का नाम 24 घंटे रहता है। शो में कंटेस्टेंट एक-दूसरे से लड़ते-झगड़ते, हंसते-खेलते नज़र आ रहे हैं जिससे दर्शकों का भरपूर मनोरंज हो रहा है। इसके अलावा इस शो के चर्चाओं में रहने का कारण है यहां हो रहे खुलासे। एक के बाद एक कंटेस्टेंट यहां अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा खुलासा करके हर किसी को हैरत में डाल रहा है।
हाल ही में शो से बाहर हो चुकी कंटेस्टेंट सायशा शिंदे ने लॉकअप के कैदी और मशहूर कॉमेडियन मुनव्वर फारुकी को लेकर बड़ी बात कही। उन्होंने बताया कि शो के दौरान उन्हें कॉमेडियन से प्यार हो गया था।
इस बात का खुलासा मशहूर डिजाइनर सायशा शिंदे ने शो के दौरान अपनी जेलमेट पूनम पांडे संग बातचीत के दौरान किया था। उन्होंने बताया था कि मुनव्वर उन्हें पसंद हैं।
कंगना के साथ बद्तमीजी सायशा को पड़ी महंगी
हालांकि, दोनों के बीच कुछ कहानी बढ़ पाती इससे पहले सायशा को शो से निकाल दिया गया। हाल ही में जजमेंट के दौरान बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने सायशा को जेल से नॉकआउट कर दिया था। दरअसल, डिजाइनर ने शो की होस्ट कंगना रनौत के साथ बुरा-बर्ताव किया था। इसी वजह से एक्ट्रेस ने उन्हें अपने शो से बाहर का रास्ता दिखा दिया था।
‘मैं प्यार में डूबी हूं..’
अब शो से बाहर आने के बाद सायशा ने अपनी जर्नी को लेकर मीडिया से बातचीत की है। उन्होंने बताया कि कैसे जेल में मुनव्वर उनके साथ मस्ती करते थे। डिजाइनर ने बताया कि मुनव्वर ने उन्हें ऐसा महसूस कराया कि वे एक 16 साल की लड़की हों जो प्यार में डूबी हो। उन्होंने कहा कि, एक ट्रांसवुमेन के रुप में मुझे ऐसा एहसास पहले कभी नहीं हुआ जैसा कि मुनव्वर ने करवाया।
40 की उम्र में कराई सर्जरी
मालूम हो, आज जिस सायशा को आप देख रहे हैं वो पहले स्वप्निल हुआ करती थीं। उनका नाम स्वप्निल था। हालांकि, उन्होंने अपना जेंडर चेंज करवा लिया था। शो के दौरान अपने ट्रांसफॉर्मेशन को लेकर बात करते हुए सायशा ने कहा था कि, ‘सर्जरी से पहले मैंने मनोचिकित्सक से सलाह ली थी। उन्होंने मुझसे कहा, ‘’ये तुम क्या कर रहे हो, यह गलत है। आप बहुत तेजतर्रार हैं, हैंडसम हैं, आपको इससे गुजरने की जरूरत नहीं है। यह सिर्फ एक चरण है, ये तो निकल जाएगा।”
सायशा ने आगे कहा था कि, ‘’लेकिन मुझे 15 साल की उम्र में ही समझ आ गया था कि मेरी दिलचस्पी पुरुषों में है। लेकिन मैं उलझन में थी और सब देखने समझने के बाद 40 साल की उम्र में, सर्जरी करवाई।‘’
मिस यूनिवर्स के लिए डिजाइन किया था गाउन
गौरतलब है, सायशा शिंदे बॉलीवुड इंडस्ट्री में एक फैशन डिजाइनर के तौर पर विख्यात हैं। उन्होंने कंगना रनौत, करीना कपूर जैसी तमाम अभिनेत्रियों के आउटफिट्स डिजाइन किए हैं। हाल ही में उन्होंने हरनाज़ कौर संधू के लिए मिस यूनिवर्स फिनाले 2021 का गाउन भी डिजाइन किया था।