Saturday, April 11, 2026

सलमान खान ने किया बड़ा खुलासा, बोले- ‘एक नहीं तीन बार काटा उसने’

बॉलीवुड के भाईजान सलमान खान ने सोमवार की रात को अपने पनवेल स्थित फार्म हाउस पर 56 वां जन्मदिन मनाया। इस दौरान उनके परिवार के साथ फिल्म इंडस्ट्री के तमाम बड़े चेहरे नज़र आए। बता दें, सलमान खान का केक काटते हुए एक वीडियो इस बीच सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वे अर्पिता और आयुष के बेटे को गोद में लिए नज़र आ रहे हैं। वहीं, उनके पीछे कथित गर्लफ्रेंड यूलिया वंतूर भी खड़ी नज़र आ रही हैं।

बॉलीवुड की चुनिंदा हस्तियां हुई पार्टी में शामिल

बता दें, इस बर्थडे पार्टी में हॉलीवुड अभिनेत्री सामंथा लॉकवुड, संगीता बिजलानी, बॉबी देओल, जेनेलिया डिसूजा, कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा, निर्माता साजिद नाडियादवाला (परिवार सहित), निर्माता रमेश तौरानी, सैफ अली खान के बेटे इब्राहिम अली खान, जहीर इकबाल, निखिल द्विवेदी (परिवार समेत), मनीष पॉल, वत्सल सेठ, पूर्व  कांग्रेसी विधायक बाबा सिद्दीकी सहित कई और चुनिंदा लोग शामिल हुए।

सलमान ने सुनाई दास्तां

मालूम हो, इस मौके पर सलमान खान ने सांप द्वारा काटने की बात की पुष्टि करते हुए पूरी दास्तां सुनाई। बीती रात अपने बर्थडे के मौके पर मीडिया से मुखातिब होने के लिए घर से बाहर आए दबंग खान ने इस बात का खुलासा किया कि उन्हें सांप ने तीन बार काटा था। उन्होंने बताया कि “एक कमरे में सांप घुस गया था। ऐसे में बच्चे डर गये तो मैं सांप को निकालने के लिए कमरे में चला गया था। मैंने एक लकड़ी मांगी, जो बहुत छोटी थी। ऐसे में मैंने एक बड़ी लकड़ी मांगी और फिर मैंने बड़े प्यार से लकड़ी के सहारे सांप को उठाया और बाहर ले आया। लकड़ी पर बड़े प्यार से लिपटा हुआ सांप बाद में धीरे धीरे मेरे हाथ की ओर बढ़ने लगा। ऐसे में मैंने सांप को बाहर छोड़कर आने के लिए दूसरे हाथ में ले लिया और लकड़ी को छोड़ दिया।”

एक नहीं तीन बार काटा उसने- सलमान 

सलमान ने आगे कहा, “वहां इकट्ठा लोगों और गांव वालों को पता था कि ये ‘कंदारी’ किस्म का सांप है, मगर वहां हो रहे शोर-शराबे के बीच सांप ने मुझे एक बार नहीं, तीन बार काटा। इसके बाद हम वहां से अस्पताल चले गये जहां पर मुझे एंटी-वेनम (विष-निरोधी) इंजेक्शन दिया गया… अब तक मैं सभी प्रकार के एंटी-वेनम (क्रेट, वाइपर, कोबरा) का इंजेक्शन ले चुका हूं।”

6 घंटों तक अस्पताल में भर्ती रहे सलमान

बजरंगी भाईजान ने इस घटना के विषय में ज्यादा जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें अस्पताल में 6 घंटे तक रखा गया था। बाद में उन्हें वहां से डिस्चार्ज कर दिया गया। बता दें, सांप के काटे जाने के बाद एक्टर को नवी मुम्बई के कामोठे स्थित महात्मा गांधी मिशन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था।

सांप के साथ ली सेल्फी

सलमान ने बताया कि उन्होंने सांप को मारने की बजाय उसके साथ दोस्ती कर ली और उसके साथ सेल्फी लेकर छोड़ दिया। उन्होंने कहा, “सांप के काटे जाने की घटना के वक्त मेरी बहन (अर्पिता) काफी डरी हुई थी… तब तक सांप के साथ मेरी दोस्ती हो गई थी। ऐसे में मैंने सांप के साथ सेल्फी ली और फिर उसे छोड़ दिया।”

टाइगर अभी ज़िंदा है

सलमान ने बताया कि इस घटना पर बात करते हुए उनके वालिद सलीम खान ने पूछा क्या हुआ? क्या सांप जिंदा है? इसपर सलमान ने जवाब दिया टाइगर भी जिंदा है और सांप भी जिंदा है। सलमान ने कहा कि उन्होंने पूछा, सांप को मारा-वारा तो नहीं ना?, तो मैंने उन्हें कहा कि मैंने सांप को मारा-वारा तो नहीं, बिल्कुल प्यार से वापस उसे छोड़ दिया है।”

फैंस के बीच मचा हड़कंप

गौरतलब है, सलमान खान को सांप द्वारा काटे जाने की खबर से उनके फैंस के बीच हड़कंप मच गया था। उनके चाहने वाले जल्द ही ठीक होने की दुआ कर रहे थे। हालांकि, जब सलमान के सही सलामत होने की जानकारी खुद एक्टर ने दी तो उनके फैंस खुशी से झूम उठे और सोशल मीडिया पर उन्हें ढेर सारी बधाईयां दी गईं।

2022 में तमाम फिल्मों में नज़र आएंगे सलमान

बात करें, सलमान खान के वर्कफ्रंट की तो वे जल्द ही ‘टाइगर 3’ की शूटिंग शुरु करेंगे। इसके वे शाहरुख खान की मोस्ट अवेटेड मूवी ‘पठान’ में एक गेस्ट अपीरियंस देंगे। अपनी आगामी फिल्मों पर चर्चा करते हुए सलमान ने बताया कि वे मार्च में ‘नो एंट्री’ के सीक्वेल और ‘कभी ईद कभी दीवाली’ जैसी फिल्मों की भी शूटिंग करेंगे। इसके अलावा सलमान ने बताया कि के. वी. विजयेंद्र प्रसाद द्वारा लिखी ‘बजरंगी भाईजान’ के सीक्वेल में नज़र आएंगे। उन्होंने कहा, “इस सीक्वेल का नाम ‘पवनपुत्र भाईजान रखा है।”

 

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here